ठाकरे सरकार पर संकट | डिप्टी स्पीकर ने अजय चौधरी को नियुक्त किया शिवसेना विधायक दल का नेता

 चौथे दिन महाराष्ट्र की सियासी लड़ाई आर-पार के मूड में आ गई है। संजय राउत के बागी विधायकों को मुंबई आकर बात करने की चुनौती देने के 50 मिनट बाद एकनाथ शिंदे गुवाहाटी से मुंबई के लिए निकले गए हैं। वहीं महाराष्ट्र के डिप्टी स्पीकर नरहरि जिरवाल ने शिंदे को हटाकर अजय चौधरी को शिवसेना विधायक दल का नेता चुना है।

सूत्रों के मुताबिक शिंदे मुंबई आकर डिप्टी स्पीकर नरहरि जिरवाल से मुलाकात कर सकते हैं। शिंदे विधायकों के समर्थन वाला लेटर भी जिरवाल को सौंप सकते हैं।

आज के 3 बड़े बयान...

1. संजय राउत बोले- बातचीत का वक्त खत्म हो गया है। अब हम बागियों को बताएंगे कि शिवसेना क्या है? अब हम हार नहीं मानेंगे। फ्लोर टेस्ट होने के बाद सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा। मुंबई आकर लड़ाई करें, फिर परिणाम दिखेगा।

2. एकनाथ शिंदे बोले- उद्धव सरकार अल्पमत में है। हमारे विधायकों को डराने की कोशिश की जा रही है। हमें कोई डरा नहीं सकता है। हमारे पास शिवसेना के 39 और निर्दलीय 14 विधायक हैं।

3. हिमंता बिस्वा सरमा बोले- विधायक छुट्टी पर आए हैं। हम उद्धव ठाकरे जी से भी कहेंगे कि आप भी असम घूमने आइए। विधायक अगर होटल बुक करेंगे, तो मैं उसे नहीं रोक नहीं सकता।

4 बड़े अपडेट्स...

  • उद्धव सरकार ने बागी 40 विधायकों के PSO (निजी सचिव अधिकारी, कमांडो और कांस्टेबल) के खिलाफ एक्शन लेने का आदेश दिया है।
  • गुवाहाटी में रेडिशन ब्लू होटल के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया है। कार्यकर्ताओं ने विधायकों के खरीद-फरोख्त का आरोप लगाया है।
  • शिवसेना ने 4 और विधायकों को अयोग्य ठहराने की चिट्ठी विधानसभा के डिप्टी स्पीकर को भेजी है। शिवसेना ने गुरुवार को 12 विधायकों को अयोग्य ठहराने की चिट्ठी पहले ही लिख चुकी है। शिवसेना की लीगल टीम भी विधानसभा पहुंची है।
  • शिवसेना के विधायकों का मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे का साथ छोड़कर एकनाथ शिंदे कैंप को ज्वाइन करने का सिलसिला जारी है। शुक्रवार सुबह खबर आई है कि मुंबई से दो और शिवसेना विधायक दिलीप लांडे और भास्कर जाधव गुवाहाटी के लिए रवाना हो गए हैं।
  • आदित्य ठाकरे मातोश्री से निकलकर शिवसेना भवन पहुंचे हैं। इधर, डिप्टी स्पीकर ने शिवसेना विधायक दल के नेता के रूप में अजय चौधरी को नियुक्त किया है।

भाजपा ने लिखा राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को लेटर
भाजपा ने महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को पत्र लिखा है। पत्र में सियासी हलचल पर राज्यपाल से हस्तक्षेप और सरकार की ओर से लगातार लिए जा रहे फैसले पर हस्तक्षेप करने की मांग की गई है। पत्र में आगे कहा गया है- 160 से अधिक के सरकारी आदेश 48 घंटे के भीतर जारी किए गए हैं। विकास परियोजनाओं की आड़ में हो रही इस तरह की घटना संदेह पैदा कर रही है।

शिंदे को अब तक 14 निर्दलीय विधायकों का समर्थन
शिंदे कैंप को अब तक 14 निर्दलीय विधायकों का समर्थन मिल चुका है। 5 निर्दलीय विधायक गुरुवार देर रात मुंबई से सूरत पहुंचे और गुवाहाटी के लिए रवाना हो गए हैं। वहीं, 9 निर्दलीय विधायक राजकुमार पटेल, चंद्रकांत पाटिल, नरेंद्र भोंडेकर, किशोर जोर्गेवार, मंजुला गावित, विनोद अग्रवाल, गीता जैन, बच्चू कडू और राजेंद्र यडरावकर पहले से ही गुवाहाटी में मौजूद हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post